भरमौर में पशु मित्र भर्ती हेतु शारीरिक परीक्षण संपन्न, 58 अभ्यर्थी सफल

भरमौर/चम्बा 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल भरमौर में पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशु मित्रों की भर्ती प्रक्रिया के तहत सोमवार को भरमौर हेलीपैड में शारीरिक परीक्षण का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इस परीक्षण में क्षेत्रभर से आए अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी भरमौर, डॉ. अंशुल सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 6 पशु मित्र पदों के लिए 82 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 58 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण में शामिल हुए और सभी 58 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक यह चरण पार कर लिया। उन्होंने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी की जा रही है, ताकि योग्य उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।डॉ. सूद ने आगे बताया कि अब अगले चरण में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

इस प्रक्रिया के बाद अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी। चयनित पशु मित्रों की नियुक्ति क्षेत्र के विभिन्न पशु औषधालयों में की जाएगी, जिनमें सियूर, औरा, न्याग्रा, बजोल, सॉंह और होली शामिल हैं।उन्होंने यह भी कहा कि पशु मित्रों की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। इससे पशुपालकों को समय पर उपचार और मार्गदर्शन मिल सकेगा, जिससे पशुधन की उत्पादकता बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
