चंबा में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, सांसद से मिला सहयोग का आश्वासन

चंबा में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, सांसद से मिला सहयोग का आश्वासन

चंबा 21 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने माननीय राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन से शिष्टाचार भेंट कर जिले में चल रही विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में टीबी की पहचान के लिए “नि:क्षय वाहन” के माध्यम से आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में संभावित टीबी मरीजों की पहचान हेतु छाती का एक्स-रे, बलगम जांच के साथ-साथ बीपी और शुगर की जांच भी की जा रही है। इससे समय रहते रोग की पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी रोगियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उन्हें उपचार की मुख्यधारा में लाना है, ताकि जिले को टीबी मुक्त बनाया जा सके।भेंट के दौरान सांसद हर्ष महाजन ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने इस अवसर पर “निश्चय मित्र” पहल की जानकारी देते हुए बताया कि टीबी रोगियों को गोद लेकर उनकी देखभाल और पोषण सहायता सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में जिले के सभी टीबी मरीजों को केंद्रीय भंडारण निगम, भारत सरकार द्वारा एक वर्ष तक पोषण सहायता प्रदान की जा रही है।इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉक्टर निकेत और जिला टीबी कार्यक्रम समन्वयक नितेश कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!