हर्ष महाजन ने चंबा में रक्तदान शिविर में की शिरकत, पारंपरिक शिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर

चम्बा 22 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा में हिमालयन एनवायरमेंटल फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित रक्तदान शिविर में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने भाग लेकर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय शिल्पकारों के साथ संवाद करते हुए चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान चंबा के पारंपरिक उत्पादों—चंबा थाल, चंबा रुमाल और चंबा चप्पल—के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

शिल्पकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन ऐतिहासिक उत्पादों को इंटर-स्टेट और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर विपणन और ब्रांडिंग के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सकता है।हर्ष महाजन ने शिल्पकारों को आश्वस्त किया कि निकट भविष्य में इन सभी उत्पादों को चंबा में एक ही स्थान पर, एक छत के नीचे संगठित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों को एक सशक्त मंच मिलेगा और पर्यटकों को भी चंबा की पारंपरिक कला और संस्कृति को समझने का अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि चंबा की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर स्थापित करना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। वर्ष 2020 में अपना सहस्त्राब्दी वर्ष मना चुका चंबा सदियों पुरानी परंपराओं और विरासत का प्रतीक है, जिसे संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी से आह्वान किया कि इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।
