चंबा में टीबी उन्मूलन को लेकर समीक्षा बैठक, 100 दिवसीय अभियान तेज करने के निर्देश

चंबा में टीबी उन्मूलन को लेकर समीक्षा बैठक, 100 दिवसीय अभियान तेज करने के निर्देश

चम्बा 22 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में राष्ट्रीय क्षय रोग निवारण कार्यक्रम (NTEP) के तहत टीबी उन्मूलन को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक डॉ. जालम भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई, जिसमें स्वास्थ्य खंड अधिकारियों और टीबी स्टाफ ने भाग लिया। बैठक में जिले में चल रही टीबी नियंत्रण गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।बैठक के दौरान डॉ. जालम भारद्वाज ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी उन्मूलन सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और इसे जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए सभी का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से 100 दिवसीय अभियान को गंभीरता से लेने और घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध मरीज की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि टीबी मरीजों को समय पर दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उनके उपचार की नियमित निगरानी की जाए, ताकि मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकें।

इसके साथ ही आम जनता में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।बैठक में 100 दिवसीय टीबी जांच अभियान की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। डॉ. हरित पूरी ने विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में की गई जांच, चिन्हित संदिग्ध मरीजों की संख्या, उपचाराधीन मरीजों की स्थिति और उपचार की सफलता दर जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। साथ ही जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है, वहां सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।इस अवसर पर डॉ. कविता महाजन और डॉ. सुहेल सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से हासिल करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!