चंबा में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, नियमों की पारदर्शी अनुपालना पर जोर

चंबा, 22 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई) चंबा में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागीय एवं वित्तीय नियमों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करना रहा।इस बैठक में चंबा जिले के नौ शिक्षा खंडों से लगभग 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें विद्यालयों के प्रधानाचार्य, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, केंद्रीय मुख्य शिक्षक तथा मुख्य शिक्षक शामिल रहे। उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सर्वोपरि है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे विभागीय एवं वित्तीय नियमों की पूर्ण जानकारी रखें तथा उनका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाई जा सके।मुकेश रेपसवाल ने कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान अनुभाग अधिकारी (वित्त) नवीन ठाकुर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न वित्तीय नियमों की विस्तृत जानकारी साझा की।

इससे पूर्व उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।इस अवसर पर ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने आशा व्यक्त की कि अधिकारियों और शिक्षकों के निरंतर प्रयासों से आगामी शैक्षणिक सत्र में शिक्षा स्तर और विद्यार्थियों के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।