भुनाड़ प्राथमिक पाठशाला को विधायक डीएस ठाकुर ने लिया गोद, बनेगा आदर्श मॉडल स्कूल

डलहोजी/चम्बा 27 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने जन संपर्क अभियान के दौरान राजकीय प्राथमिक पाठशाला भुनाड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की मौजूदा बदहाल स्थिति का जायजा लिया और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इस विद्यालय को गोद (एडॉप्ट) लेने की घोषणा की।निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की जर्जर अवस्था, बुनियादी सुविधाओं की कमी और छात्रों के लिए सुरक्षित वातावरण के अभाव को देखते हुए विधायक ने चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से इस स्कूल का संपूर्ण कायाकल्प किया जाएगा।विधायक डीएस ठाकुर ने बताया कि जल्द ही इस विद्यालय के भवन की मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके तहत कक्षाओं को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय को एक आदर्श ‘मॉडल स्कूल’ के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने विधायक के इस कदम की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस स्कूल की हालत सुधारने की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है।विधायक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे और बच्चों को एक सुरक्षित, आधुनिक और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता बनी रहेगी।
