हिमाचल की धरती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया अभिनंदन

शिमला 27 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश की पावन धरा पर आज देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का गरिमामयी स्वागत किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया और राज्य में उनके आगमन पर हार्दिक स्वागत व्यक्त किया।कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी महामहिम राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर तहे दिल से स्वागत किया और प्रदेशवासियों की ओर से सम्मान प्रकट किया।

पूरे आयोजन के दौरान गरिमा और पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली।मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराते हुए उन्हें पारंपरिक हिमाचली टोपी, शॉल तथा एक स्मृति चिह्न भेंट किया। यह सम्मान हिमाचल प्रदेश की अतिथि सत्कार की परंपरा और सम्मानजनक संस्कृति का प्रतीक है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और इससे राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही। सभी ने राष्ट्रपति के आगमन को ऐतिहासिक बताते हुए इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
