उद्घाटन से पहले ही सरोल मेडिकल कॉलेज भवन की गुणवत्ता पर उठे सवाल

चम्बा 28 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला मुख्यालय के समीप सरोल स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के नए भवन से जुड़ी एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक भवन अभी औपचारिक उद्घाटन का इंतजार कर रहा है, लेकिन उससे पहले ही इसमें खामियां उजागर होने लगी हैं।हाल ही में सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि भवन के मुख्य द्वार पर लगी पट्टियां उखड़कर गिर रही हैं। यह स्थिति न केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि यहां आने वाले मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा रही है। यदि उद्घाटन से पहले ही यह हाल है, तो भविष्य में भवन की मजबूती और टिकाऊपन पर संदेह स्वाभाविक है।इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि इतने बड़े प्रोजेक्ट में लापरवाही बरती गई है और निर्माण कार्य में जल्दबाजी के चलते गुणवत्ता से समझौता किया गया है। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया है।यह मेडिकल कॉलेज चंबा क्षेत्र के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की एक बड़ी उम्मीद के रूप में देखा जा रहा था। लेकिन मौजूदा हालात ने इन उम्मीदों को झटका दिया है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।आवश्यक है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और निर्माण कार्य में आई खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए, ताकि जनता का विश्वास बहाल हो सके और मरीजों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।