ब्यास नदी में डूबने से पंजाब के युवक की दर्दनाक मौ#त, कालेश्वर महादेव मंदिर के पास हादसा

कांगडा/देहरा 19 मई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के अंतर्गत थाना रक्कड़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां ब्यास नदी में डूबने से पंजाब के एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल पुत्र स्वर्गीय विजय मांझी निवासी भगतपुरा, तहसील फगवाड़ा, जिला कपूरथला (पंजाब) के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल अपने आठ दोस्तों के साथ ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर में घूमने और दर्शन करने के लिए आया था। भीषण गर्मी के चलते सभी युवक मंदिर के समीप बह रही ब्यास नदी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि नदी के एक हिस्से में पानी कम था, जिससे विशाल आसानी से नदी पार कर दूसरी ओर पहुंच गया। हालांकि, वापसी के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और संतुलन खो बैठा।

दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या अन्य जल स्रोतों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।