भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मोत्सव पर डलहौजी में होंगे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम

भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मोत्सव पर डलहौजी में होंगे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम

डलहौजी/ चम्बा 12 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री सत्य साईं सेवा समिति डलहौजी की ओर से विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 14 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में भजन-कीर्तन, प्रभात फेरी, पालकी शोभायात्रा, लंगर, महिला दिवस समारोह तथा जनसेवा से जुड़े आयोजन शामिल रहेंगे।समिति की ओर से सभी साईं भक्तों को इन पावन कार्यक्रमों में सादर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रमों का शुभारंभ 14 नवंबर, शनिवार को शाम 6 बजे वैश्विक भजन कार्यक्रम के साथ होगा। इसके बाद 17 नवंबर, मंगलवार को सुबह 5 बजे गुरु नानक देव जी की प्रभात फेरी का स्वागत किया जाएगा।

इसी दिन सुबह 10:30 बजे पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा दोपहर 1:30 बजे साईं प्रसादम के रूप में लंगर का आयोजन किया जाएगा।वहीं, 19 नवंबर, गुरुवार को महिला दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। 23 नवंबर, सोमवार को शाम 5 बजे से 6 बजे तक विशेष कार्यक्रम रखा गया है। इसी दिन भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मोत्सव का मुख्य समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अस्पताल सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक जन्मोत्सव समारोह होगा।समिति की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भगवान श्री सत्य साईं बाबा के प्रेम, सेवा, सद्भावना और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

बाबा ने सदैव मानव सेवा को माधव सेवा का स्वरूप बताते हुए जरूरतमंदों की सहायता, आपसी भाईचारे और आध्यात्मिक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।कार्यक्रमों के समापन पर आरती एवं साईं प्रसादम का आयोजन किया जाएगा। समिति ने समस्त साईं भक्तों से आग्रह किया है कि वे इन पवित्र आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और भगवान बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें।समिति की ओर से सभी भक्तों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए ‘समस्त लोकाः सुखिनो भवन्तु’ का संदेश दिया गया है। आयोजकों ने कहा कि भगवान श्री सत्य साईं बाबा का 100वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!