हिमाचल में बदला मौसम का मिज़ाज, गर्मी से राहत—पर्यटकों की बढ़ी आमद

डलहौजी/ चम्बा 22 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों जहां मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा था, वहीं अब मौसम ने अचानक करवट लेकर सभी को राहत दी है। प्रदेश के ऊना जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा नाहन, धर्मशाला, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, डलहौजी, चंबा और राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में लोग गर्मी से बेहाल नजर आए।तेज गर्मी के चलते लोगों ने राहत पाने के लिए पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया था। पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ने लगी थी, लेकिन गर्मी का असर यहां भी महसूस किया जा रहा था। इसी बीच बीती रात मौसम में अचानक बदलाव आया और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर मौसम सुहावना हो गया, जहां पर्यटक गर्म कपड़े खरीदते हुए भी नजर आए। दिन में जहां गर्मी का असर था, वहीं रात के समय ठंडक बढ़ने से वातावरण पूरी तरह बदल गया। इस बदलाव ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया है।मौसम में आए इस बदलाव का सकारात्मक असर स्थानीय कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट संचालकों और छोटे-बड़े व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आमद से कारोबार में रौनक लौट आई है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ठंडक बनी रह सकती है। फिलहाल, गर्मी से मिली इस राहत ने आम लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी राहत प्रदान की है।