रोहड़ू नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, सभी वार्डों के परिणाम घोषित

रोहड़ू नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, सभी वार्डों के परिणाम घोषित

शिमला/ रोहडू, 22 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं एसडीएम (नागरिक) धर्मेश रामौत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं और कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। उन्होंने चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन तथा सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त किया।चुनाव परिणामों की घोषणा के साथ ही विभिन्न वार्डों से विजेता प्रत्याशियों के नाम भी सामने आए। वार्ड नंबर 1 (दशालनी एवं सेरी) से रमा देवी ने 209 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि वार्ड नंबर 2 (अपर बाजार) से पारुल 116 मतों के साथ विजयी रहीं।

वार्ड नंबर 3 (मुख्य बाजार) से सुजय अग्रवाल को 266 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। इसी प्रकार वार्ड नंबर 4 (समाला) से रणजीता 122 मतों के साथ विजेता बनीं।वार्ड नंबर 5 (बस स्टैंड क्षेत्र) से राज कुमार ने 79 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर 6 (ब्लॉक क्षेत्र) से प्रीति चौहान 124 मतों के साथ विजयी रहीं। वार्ड नंबर 7 (कोर्ट रोड क्षेत्र) से जितेंद्र चौहान को 113 मत प्राप्त हुए और वे विजेता घोषित किए गए। वार्ड नंबर 8 (बावटीनाला) से प्यारे लाल आजाद ने 153 मतों के साथ जीत हासिल की, जबकि वार्ड नंबर 9 (शक्तिनगर) से शालू दत्ता 131 मतों के साथ विजयी रहीं।एसडीएम धर्मेश रामौत्रा ने विशेष रूप से महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव प्रक्रिया में महिला कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

मतदान से लेकर अन्य व्यवस्थाओं के संचालन तक उनकी सक्रिय भागीदारी ने चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में अहम योगदान दिया।उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग और कर्मचारियों की मेहनत के कारण ही चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!