हमीरपुर सर्किट हाउस में 21 बेड की डॉरमिट्री शुरू, छात्रों को मिलेगी सस्ती आवास सुविधा

हमीरपुर, 22 मई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने हमीरपुर में आने वाले विद्यार्थियों और अन्य आगंतुकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। विभाग के उपमंडल हमीरपुर के सहायक अभियंता संजय कटोच ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्किट हाउस हमीरपुर में 21 बेड वाली डॉरमिट्री को एचपीपीडब्ल्यूडी के ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया गया है।इस नई व्यवस्था के तहत हिमाचल प्रदेश के निवासियों के लिए प्रति बेड 100 रुपये और गैर-हिमाचली निवासियों के लिए 200 रुपये प्रति बेड शुल्क निर्धारित किया गया है। यह दरें अन्य आवासीय विकल्पों की तुलना में काफी किफायती हैं, जिससे विशेष रूप से छात्रों और कम बजट में यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।संजय कटोच ने बताया कि हमीरपुर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, कोचिंग और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी आते हैं। ऐसे में यह डॉरमिट्री सुविधा उनके लिए एक सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक ठहराव विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को निजी होटलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे कम खर्च में बेहतर व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे।इस डॉरमिट्री की बुकिंग ‘हिम अतिथि’ होटल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित होती हैं। विभाग का मानना है कि इस कदम से हमीरपुर आने वाले आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और स्थानीय स्तर पर पर्यटन एवं शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।