पंचायत चुनावों के लिए नूरपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पंचायत चुनावों के लिए नूरपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कांगडा/नूरपुर: 24 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस जिला नूरपुर ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित कर ली हैं। इसी क्रम में पुलिस थाना इंदौरा और पुलिस थाना फतेहपुर में चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए विशेष ब्रीफिंग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।ब्रीफिंग के दौरान पुलिस जवानों को मतदान केंद्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि सभी पोलिंग बूथों पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके साथ ही मतदान के बाद बैलट बॉक्स की सुरक्षा को लेकर भी विशेष रणनीति साझा की गई, जिसमें मतपेटियों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।अधिकारियों ने चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों, आदर्श आचार संहिता और कानूनी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, मतदान के दौरान और उसके पश्चात क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी अप्रिय घटना या असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए भी पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा गया।

ब्रीफिंग के उपरांत सभी पुलिस अधिकारी और जवान संबंधित मतदान दलों के साथ नूरपुर पुलिस जिला के चारों विकास खंडों में स्थित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिए गए।नूरपुर पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!