तंबाकू निषेध दिवस पर विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश, नशामुक्त समाज का किया आह्वान

तंबाकू निषेध दिवस पर विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश, नशामुक्त समाज का किया आह्वान

डलहौजी/ चम्बा 03 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढार में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नशा रोकथाम के लिए “प्रहरी क्लब” का गठन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के स्टाफ को भी सदस्य बनाया गया। इस क्लब की नोडल अधिकारी के रूप में डीपीई निर्मला कुमारी को नियुक्त किया गया। क्लब के माध्यम से विद्यालय स्तर पर नशा मुक्ति संबंधी गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को दर्शाती एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित सभी लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके अतिरिक्त भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और तंबाकू से होने वाले नुकसान पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया और लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपस्थित फार्मासिस्ट रितु ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुपमा आनन्द ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!