पर्यावरण दिवस पर डलहौजी में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं ने लिया हरित भविष्य का संकल्प

डलहौजी/ चम्बा 05 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
“मेरा युवा भारत” के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यूथ हॉस्टल डलहौजी में हिमालया नेचर क्लब के सहयोग से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना था।इस अवसर पर प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) रजनीश महाजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यूथ हॉस्टल डलहौजी के प्रबंधक दविंदर शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिमालयन नेचर क्लब, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मध्य प्रदेश, हिलदारी तथा यूथ हॉस्टल डलहौजी के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग और प्रबंधक दविंदर शर्मा के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित युवाओं को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में हिमालयन नेचर क्लब के डायरेक्टर कुणाल जोशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि यह सतत प्रयास है, जिसमें हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

इस मौके पर मेरा युवा भारत चंबा के कार्यालय सहायक यशस्वी चंदेल तथा स्वयंसेवक मुनीश और खुशी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में गुलज़ार ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट, खन्ना (पंजाब) के सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण हेतु अपना योगदान देने का संकल्प लिया।इस आयोजन ने न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई बल्कि युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की।