चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने चुराह के स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने चुराह के स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान

तीसा / चम्बा 08 जून दिलीप सिंह ठाकुर

चंबा जिले के चुराह उपमंडल में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवी कोठी और राजकीय माध्यमिक विद्यालय टेपा में आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों, अध्यापकों तथा अन्य स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने विद्यार्थियों को टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा बच्चों की आपात सहायता के लिए 24 घंटे उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की परेशानी में तुरंत संपर्क किया जा सकता है।

बच्चों को बाल अधिकारों के विभिन्न पहलुओं जैसे बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशे की लत, बाल तस्करी, यौन शोषण, घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना तथा शारीरिक दंड के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही अनाथ, अर्ध-अनाथ और दिव्यांग बच्चों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए परामर्श सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।कार्यक्रम में बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी सचेत किया गया। विशेष रूप से लड़कियों को अनजान व्यक्तियों से दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत 1098 पर सूचना देने की सलाह दी गई।

विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य जय सिंह ठाकुर तथा मुख्याध्यापक प्रेम राज ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में कुल 176 विद्यार्थियों सहित अध्यापक-अध्यापिकाओं ने भाग लिया। साथ ही क्षेत्र में अध्यापकों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया, जिसे शिक्षा विभाग तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

⁰

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!