खंड स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा, पल्स पोलियो अभियान को लेकर दिए निर्देश

खंड स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा, पल्स पोलियो अभियान को लेकर दिए निर्देश
चम्बा, 12 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चम्बा द्वारा आज खंड स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने की। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।बैठक में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सफल संचालन हेतु माइक्रोप्लानिंग, टीमों का गठन, वैक्सीन उपलब्धता, लॉजिस्टिक प्रबंधन तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।इसके अतिरिक्त 1 जून से 30 जुलाई तक चल रहे सघन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा अभियान की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।

बैठक में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन कार्यक्रम की प्रगति पर भी चर्चा हुई। डॉ. भारद्वाज ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएं तथा लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों जैसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय टीकाकरण, गैर-संचारी रोग नियंत्रण तथा परिवार कल्याण से संबंधित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन सहित विभिन्न खंड चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।