नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उद्घोषित अपराधी प्रदीप कुमार गिरफ्तार

नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उद्घोषित अपराधी प्रदीप कुमार गिरफ्तार

कांगड़ा/ नूरपुर 13 जून चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पुलिस जिला नूरपुर की पीओ सेल (PO Cell) टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 45 वर्षीय प्रदीप कुमार उर्फ दीपा , पुत्र सलिंदर कुमार, निवासी गांव कुल्हण, तहसील एवं जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में वर्ष 2010 में दर्ज मुकदमा नंबर 109/10 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना), 337 (लापरवाही से चोट पहुंचाना) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181 के अंतर्गत मामला दर्ज था।मामले में लगातार गैरहाजिर रहने के कारण माननीय जेएमएफसी कोर्ट इंदौरा द्वारा आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी बीते कल पीओ सेल नूरपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को 3 पुली चिनौर नामक स्थान से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार आरोपी के परिजनों को सूचित किया गया तथा उसकी पत्नी को इस संबंध में जानकारी दे दी गई।पुलिस ने आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस थाना इंदौरा के सुपुर्द कर दिया है। अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!