चुवाड़ी में पारंपरिक छिंज मेला धूमधाम से संपन्न, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की शिरकत

भटीयात/चम्बा 24 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के भटियात उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में बुधवार को पारंपरिक छिंज मेला हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और मेले की शोभा बढ़ाई। मेले में क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और देशभर से आए नामी पहलवानों के बीच हुए रोमांचक कुश्ती मुकाबलों का भरपूर आनंद उठाया।छिंज मेले के दौरान पहलवानों ने अपने शारीरिक दमखम, तकनीक और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मेले का माहौल पारंपरिक लोक संस्कृति और उत्सव की भावना से सराबोर रहा।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराएं और रीति-रिवाज समाज के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले और उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और मेलजोल को भी बढ़ावा देते हैं।उन्होंने दंगल प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार राशि को बढ़ाकर 1 लाख 21 हजार रुपये किए जाने के निर्णय का स्वागत किया और कहा कि इससे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मेले के स्वरूप को और भव्य बनाने के लिए आयोजन समिति के प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा और भविष्य में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 1 लाख 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। इसके साथ ही उन्होंने गत वर्ष की घोषणा के अनुरूप 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि का चेक भी समिति को भेंट किया। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया।इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव कौशल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कंवर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक मंडल सदस्य राजकुमार चम्बियाल, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, नरेंद्र चौधरी, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद पाठक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
