नशा नहीं, रक्तदान करें, डलहौजी में विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, युवाओं ने दिया सेवा का संदेश

नशा नहीं, रक्तदान करें, डलहौजी में विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, युवाओं ने दिया सेवा का संदेश

डलहौजी/ चम्बा 26 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर सनातन धर्म सभा कुटपलिहान द्वारा डलहौजी हिल टॉप स्कूल, डलहौजी के सहयोग एवं प्रायोजन से पंचम वार्षिक विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। “नशा नहीं, रक्तदान करें; मानवता का सम्मान करें” थीम पर आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डलहौजी हिल टॉप स्कूल के चेयरमेन सुधीर धवल रहे।

विशिष्ट अतिथियों में 323 ब्रिगेड से कर्नल प्रदीप शर्मा, उपमंडल अधिकारी (नागरिक) डलहौजी अनिल भारद्वाज तथा वेलफेयर विभाग के केसर शामिल रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और रक्तदान व समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। उपमंडल अधिकारी अनिल भारद्वाज ने उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाई।

कर्नल प्रदीप शर्मा ने भी युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया।रक्तदान शिविर का संचालन पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा की ब्लड बैंक टीम ने श्री विवेक के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया। संस्था के मुख्य संस्थापक श्री दर्शन शर्मा, अध्यक्ष पंडित अमन शास्त्री सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।अंत में अध्यक्ष पंडित अमन शास्त्री ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं, विद्यालय प्रबंधन एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज सेवा की सामूहिक भावना का सशक्त उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!