मैहला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण, मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

चंबा, 28 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
महिला एवं बाल विकास विभाग, चंबा के अंतर्गत मैहला में बाल देखरेख संस्थान परिसर में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) मैहला अक्षय कुमार ने की। इस प्रशिक्षण का आयोजन आई पी ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वृत्त पर्यवेक्षक नीलम देवी, खंड समन्वयक पोषण अभियान संजय कुमार सहित लगभग 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त आई पी ग्लोबल लिमिटेड से अजय कुमार (आईएसओ) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अजय कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के अंतर्गत 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने, लंबित मामलों के समयबद्ध निपटान तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही पंजीकरण, निगरानी और रिपोर्टिंग से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीडीपीओ अक्षय कुमार ने योजना के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता से जुड़े दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि प्रत्येक पात्र महिला को समय पर योजना का लाभ मिले।
वहीं संजय कुमार और नीलम देवी ने मिशन जीवन उपहार के बारे में जानकारी देते हुए कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी कुपोषित बच्चा छूटना नहीं चाहिए और इसके लिए सभी को समर्पित भाव से कार्य करना होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उनके सुझाव भी आमंत्रित किए गए।