मानसून के मद्देनज़र शिमला में एनडीआरएफ की टीम तैनात, आपदा से निपटने की तैयारियां तेज

शिमला, 01 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), शिमला ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक विशेष टीम को जिले में तैनात किया है। यह टीम 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक तीन माह की अवधि के लिए एपीएमसी परिसर, ढली में कार्यरत रहेगी। लगभग 30 सदस्यीय यह दल मंगलवार को शिमला पहुंच गया।एनडीआरएफ टीम के आगमन के उपरांत अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानसून के दौरान भूस्खलन, बाढ़, सड़कों के अवरुद्ध होने, भवनों के क्षतिग्रस्त होने जैसी संभावित आपदा स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।उन्होंने एनडीआरएफ टीम को निर्देश दिए कि वे जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। बैठक में एनडीआरएफ के अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।