पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का समापन, विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चम्बा, 01 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का समापन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर तहसील वेलफेयर कार्यालय, डलहौजी के सहयोग से पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) डलहौजी श्री अनिल भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि श्री केसर सिंह रहे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति से संबंधित संदेशों को प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया।अपने संबोधन में एसडीएम श्री अनिल भारद्वाज ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहेगा, तो वह देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने भी नशा मुक्ति के महत्व पर अपने विचार साझा किए।अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, तहसील वेलफेयर कार्यालय, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन नशामुक्त भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
।