फोरलेन निर्माण से शाहपुर के सिहुवा में जलभराव, विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया औचक निरीक्षण

फोरलेन निर्माण से शाहपुर के सिहुवा में जलभराव, विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया औचक निरीक्षण

कांगड़ा/शाहपुर, 01 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कांगड़ा/शाहपुर, 01 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिहुवा इलाके में फोरलेन निर्माण कार्य के कारण पहली ही बारिश में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस समस्या से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) गणेश ठाकुर सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

विधायक पठानिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि फोरलेन निर्माण कार्य के चलते किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से जुड़े सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उचित ड्रेनेज सिस्टम की कमी के कारण ही यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिसे तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।विधायक ने प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाई जाए।

उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं खुलकर प्रशासन के सामने रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!