खेल युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण आधार :- शिक्षा मंत्री हिमाचल प्रदेश रोहित ठाकुर

शिमला/रोहड़ू, 01 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि युवाओं के जीवन में खेलों का विशेष महत्व है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि स्वस्थ मनोरंजन और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। वह आज 50वीं बुशहर क्रिकेट खेलकूद प्रतियोगिता शीलघाट (रोहड़ू) के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।उन्होंने स्थानीय युवक मंडल को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पहाड़ी प्रदेश होने के कारण बड़े और समतल मैदानों की कमी के बावजूद इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बुशहर क्रिकेट प्रतियोगिता अपने आप में ऐतिहासिक है, जिसने इस वर्ष 50 वर्ष पूरे कर गौरवशाली उपलब्धि हासिल की है।

वर्ष 1976 से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में क्रिकेट के साथ-साथ कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी खेल गतिविधियां भी निरंतर आयोजित होती रही हैं।शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जुब्बल के डकैड़ गांव के समीप 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक बड़ी उपलब्धि है, जिसके लिए 30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने बागवानी पर चर्चा करते हुए कहा कि सेब प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके संरक्षण के लिए केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने युवक मंडल को 75 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।प्रतियोगिता में फागु टीम विजेता और ननखड़ी टीम उपविजेता रही, जिन्हें क्रमशः 3 लाख और 1.50 लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर विधायक मोहन लाल बरागटा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।