भरमौर में शिक्षा ढांचे को मजबूती, 1.17 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी

भरमौर में शिक्षा ढांचे को मजबूती, 1.17 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी

चम्बा/भरमौर 02 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

भरमौर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार ने 1.17 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इस पहल से क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों से यह बड़ी सौगात संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ‘गुणवत्ता व समानता आधारित घर-द्वार शिक्षा’ सुनिश्चित करना है, ताकि दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके।

उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के हालिया दौरे के दौरान मैहला से भरमौर तक विभिन्न स्थानों—मैहला, बकानी, राख, चूड़ी मोड़, धरवाला, गहरा, लूणा, दुर्गेठी और भरमौर—में लोगों ने स्कूलों की खराब स्थिति और आधारभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी समस्याएं रखी थीं। सरकार ने इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अब इन विकास कार्यों को औपचारिक मंजूरी दे दी है।स्वीकृत राशि से कई स्कूलों में मरम्मत और विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें जीएचएस चारी, जीएचएस डारविन, जीपीएस सक्रेणा, जीपीएस भजलूइन, जीसीपीएस लेच, जीएसएसएस बकानी, जीएमएस लाहल, जीएमएसएसएस मैहला, जीएचएस सियुनर, जीपीएस बग्गा, जीएसएसएस ब्रेही, जीपीएस पूलन, जीएचएस सिनयूर और जीएचएस सन्ह शामिल हैं।

इसके अलावा जीएसएसएस भरमौर, जीएचएस साथली, जीएचएस उरेई, जीएमएस तुंडा, जीएसएसएस मंदाह, जीएसएसएस मैहला तथा जीएसएसएस चोबिया में नए भवन निर्माण और अतिरिक्त कमरों का निर्माण भी किया जाएगा।एडवोकेट सुरजीत शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!