मुख्यमंत्री के प्रस्तावित होली प्रवास को लेकर तैयारियां तेज, विश्राम गृह में समीक्षा बैठक आयोजित

चंबा, 4 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के होली क्षेत्र में मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के प्रस्तावित प्रवास को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में विश्राम गृह होली में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जनसभा स्थल के चयन, यातायात व्यवस्था, रूट प्लान, सुरक्षा प्रबंधों तथा स्वागत कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।उन्होंने एसएचओ भरमौर बाबू राम को निर्देश दिए कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बनाई जाए तथा पर्याप्त पार्किंग स्थलों की पहचान की जाए।

इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि बुनियादी सुविधाओं में कोई कमी न रहे।बैठक से पूर्व उपायुक्त मुकेश रेपसवाल और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने होली हेलीपैड तथा प्रस्तावित जनसभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए।बैठक के उपरांत उपायुक्त ने क्षेत्र के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक स्थल लाके वाली माता मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके साथ ही उन्होंने एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल होली का भी निरीक्षण किया।इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, डीएफओ भरमौर नवनाथ शिवाजी माने, अधीक्षण अभियंता जे.एस. ठाकुर, अधिशासी अभियंता भाग सिंह, तहसीलदार अजय कुमार, बीएमओ डॉ. दीपेश बराल, सहायक अभियंता विवेक चंदेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।