विश्व जूनोसिस दिवस पर डीएवी पब्लिक स्कूल चौंतरा चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चंबा 09 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल चौंतरा चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जूनोसिस (पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले रोगों) के प्रति जागरूक करना तथा इनके बचाव के उपायों की जानकारी देना था।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम भारद्वाज ने बताया कि इस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रेबीज, ब्रुसेलोसिस, बर्ड फ्लू तथा अन्य कई संक्रामक रोग पशुओं से मनुष्यों में फैल सकते हैं उस के प्रति जानकारी दी

उन्होंने पालतू पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण करवाने, पशुओं के संपर्क के बाद हाथों की अच्छी तरह सफाई करने, पशुओं के काटने या खरोंच लगने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ हरित पूरी ने छात्रों को जुनोसिस से जुडी बीमारियों कि जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जूनोसिस से बचाव का संदेश अपने विचारों एवं चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की कि पशुओं और मनुष्यों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें।इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल सुमन कुंदरा स्वास्थ्य शिक्षक होशियार सिंह और दीपक जोशी भी उपस्थिति रहे.