एडीएम प्रोटोकॉल के रूप में ज्ञान सागर नेगी ने संभाला कार्यभार, जनकल्याण योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

एडीएम प्रोटोकॉल के रूप में ज्ञान सागर नेगी ने संभाला कार्यभार, जनकल्याण योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

शिमला 15 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शिमला जिला प्रशासन में नई जिम्मेदारी संभालते हुए एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन को पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पित भाव से कार्य करना होगा तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।उन्होंने प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया, ताकि सरकारी नीतियां और विकास कार्य जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें। इसके साथ ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों—रोकथाम, तैयारी, राहत, बचाव और पुनर्वास—को सुदृढ़ किया जाएगा। विशेष आपदा राहत पैकेज के तहत चल रहे कार्यों की समय-समय पर समीक्षा और फील्ड निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।राजस्व विभाग के कार्यों में तेजी लाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि लोगों को अपने मामलों के निपटारे के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके अलावा, सरकारी प्रोटोकॉल, वीआईपी दौरों और औपचारिक कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए भी समन्वय को मजबूत किया जाएगा।किन्नौर जिले के निवासी ज्ञान सागर नेगी का प्रशासनिक अनुभव समृद्ध रहा है। तहसीलदार से लेकर एसडीएम, एडीएम और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके नेगी अब एडीएम प्रोटोकॉल के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!