मनोला पंचायत की ग्राम सभा में विकास और जनकल्याण पर मंथन, नशा विरोधी अभियान व स्वच्छता पर विशेष जोर

डलहौजी/ चम्बा 15 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकास खंड भटियात के अंतर्गत ग्राम पंचायत मनोला में आयोजित ग्राम सभा बैठक में क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और सामाजिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। इस बैठक में पंचायत के विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करना और आगामी योजनाओं के लिए रणनीति तय करना रहा।बैठक के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

उपस्थित लोगों ने नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके खिलाफ जागरूकता अभियान को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल सके। इसके अलावा विकसित भारत (BV-GRAM) योजना के अंतर्गत अतिरिक्त शेल्फ तैयार करने, 16वें वित्त आयोग के तहत शेल्फ के अनुमोदन, तथा पंचायत के सामान्य बजट पर भी विचार किया गया।

पंचायत द्वारा अब तक करवाए गए विकास कार्यों को भी सभा में प्रस्तुत कर अनुमोदित किया गया।ग्राम पंचायत सचिव महेंद्र सिंह तथा नवनिर्वाचित प्रधान आशा कुमारी ने अपने संबोधन में स उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि मनोला पंचायत को एक मॉडल पंचायत बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जनसहभागिता को बढ़ावा देकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी कपूर, पंचायत समिति सदस्य चन्ना, पंचायत के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ग्राम सभा के सफल आयोजन से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।