5 करोड़ की लागत से पटियार-घाटरु-बैरटीनाला सड़क का शिलान्यास, हरशिंग धार मेले में शामिल हुए मंत्री विक्रमादित्य

5 करोड़ की लागत से पटियार-घाटरु-बैरटीनाला सड़क का शिलान्यास, हरशिंग धार मेले में शामिल हुए मंत्री विक्रमादित्य

शिमला 16 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनावग में आयोजित हरशिंग धार मेले में प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रदेश की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि मेले न केवल आस्था का प्रतीक हैं, बल्कि नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पटियार-घाटरु-बैरटीनाला वाया सीतरी जांयन संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। इसके अलावा 50 लाख रुपये की लागत से जूड-खुराना संपर्क सड़क की आधारशिला रखी और 20 लाख रुपये की लागत से तैयार राजकीय प्राथमिक पाठशाला जूड (जुडलू) के नए भवन का लोकार्पण भी किया।

उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करेंगी और इनके निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा।मंत्री ने हरशिंग धार देवस्थल के समीप एक बड़े सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही चनावग से देवस्थल तक सड़क की मेटलिंग और टायरिंग का कार्य वर्षा ऋतु के बाद शुरू करने की बात कही। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के पास बन रहे पार्किंग स्थल का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।इस अवसर पर मेला समिति द्वारा मंत्री का पारंपरिक स्वागत किया गया और क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत कराया गया। मंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!