भटियात वन परिक्षेत्र में डीएफओ कुलदीप सिंह जमवाल की परिचयात्मक बैठक, वन संरक्षण पर दिया जोर

भटियात वन परिक्षेत्र में डीएफओ कुलदीप सिंह जमवाल की परिचयात्मक बैठक, वन संरक्षण पर दिया जोर

भटीयात/ चम्बा, 18 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)


डलहौज़ी वन मंडल के प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) कुलदीप सिंह जमवाल ने आज वन विश्राम गृह में भटियात वन परिक्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक की। बैठक का उद्देश्य विभागीय कार्यों की समीक्षा, प्राथमिकताओं का निर्धारण तथा भविष्य की कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना रहा।
बैठक के दौरान डीएफओ कुलदीप सिंह जमवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों और मौजूदा चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वन विभाग की जिम्मेदारी केवल वनों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और स्थानीय समुदायों के सहयोग से सतत विकास सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से वन संरक्षण, वनों के सतत प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पण, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करे, ताकि विभाग की कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार लाया जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित समस्याओं और सुझावों को डीएफओ के समक्ष रखा। उन्होंने वन क्षेत्र में अवैध कटान, वन्यजीवों की सुरक्षा, संसाधनों की कमी और फील्ड स्तर की चुनौतियों से अवगत कराया। डीएफओ ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विभागीय समन्वय को मजबूत करना तथा वन संरक्षण से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाना रहा। डीएफओ ने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से वन विभाग अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!