मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए पंजीकरण अनिवार्य, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी अनुमति, उपायुक्त चम्बा

मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए पंजीकरण अनिवार्य, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी अनुमति, उपायुक्त चम्बा

चंबा, 23 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने स्पष्ट किया है कि श्री मणिमहेश यात्रा-2026 पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। इस वर्ष बिना पंजीकरण कोई भी श्रद्धालु यात्रा में शामिल नहीं हो सकेगा। उपायुक्त यह जानकारी यात्रा के दौरान अपनाई जाने वाली पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दे रहे थे।उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा 1 अगस्त, 2026 से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in⁠� पर शुरू होगी। पंजीकरण के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के दौरान श्रद्धालुओं को एक पर्ची जारी की जाएगी, जिसमें उनका पूरा विवरण, आपातकालीन संपर्क नंबर तथा यात्रा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दर्ज होंगे। इस पर्ची पर क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा, जिससे निरीक्षण के समय सत्यापन में आसानी होगी।उपायुक्त ने बताया कि लाहडू और कलसुंई में पंजीकरण निरीक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रत्येक श्रद्धालु के पंजीकरण की जांच अनिवार्य होगी।

बिना पंजीकरण के आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने सहित किसी भी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि निरीक्षण केंद्रों पर यातायात और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर को निर्देश दिए गए कि पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि गत वर्ष के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए यात्रा की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।इस अवसर पर एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी, जबकि नेट जैन कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव गुप्ता ने ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया का विस्तृत डेमो प्रस्तुत किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!