कांगड़ा पुलिस का एंटी-चिट्टा अभियान जारी, 554 ग्राम चरस बरामद

कांगड़ा पुलिस का एंटी-चिट्टा अभियान जारी, 554 ग्राम चरस बरामद

कांगडा 24 जुलाई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कांगड़ा जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कांगड़ा पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 554 ग्राम चरस बरामद की है। यह बरामदगी अरपित निवासी सुरानी, तहसील खुंडियां (जिला कांगड़ा) और उत्तर प्रदेश के एक अन्य आरोपी के कब्जे से की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशे की इस खेप को सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है और समाज के सहयोग से इस मुहिम को और तेज किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियां हो रही हों तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कांगड़ा पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!