15 अगस्त को डलहौजी के पंजपुला में सजेगा दंगल मेला, ‘दंगल शिरोमणि-2026’ के विजेता को मिलेगा 12 हजार का नगद पुरस्कार

15 अगस्त को डलहौजी के पंजपुला में सजेगा दंगल मेला, ‘दंगल शिरोमणि-2026’ के विजेता को मिलेगा 12 हजार का नगद पुरस्कार

डलहौजी/ चम्बा 11 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

देशभक्त सरदार अजीत सिंह यादगार सभा पंचपुला की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पंचपुला स्थित समाधि स्थल पर दंगल मेले का आयोजन किया जाएगा। दंगल मेले को लेकर सभा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के पहलवान दमखम दिखाएंगे और विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।सभा के अनुसार उभरता सितारा प्रतियोगिता के विजेता पहलवान को 4,100 रुपये तथा उपविजेता को 3,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह डलहौजी कुमार वर्ग के विजेता को 6,100 रुपये और उपविजेता को 5,100 रुपये, जबकि डलहौजी केसरी के विजेता को 8,100 रुपये तथा उपविजेता को 7,100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।दंगल मेले का मुख्य आकर्षण ‘दंगल शिरोमणि-2026’ प्रतियोगिता होगी। इसके विजेता पहलवान को 12,000 रुपये नकद पुरस्कार के साथ पीतल का गुर्ज प्रदान किया जाएगा, जबकि उपविजेता को 10,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

प्रतियोगिताएं राउंड रॉबिन लीग आधार पर आयोजित की जाएंगी।आयोजन का शुभारंभ दोपहर बाद करीब 2 बजे डलहौजी हिल टॉप स्कूल के निदेशक डॉ. सुधीर धवन करेंगे। इससे पहले सुबह 11 बजे सभा के पदाधिकारियों की ओर से शक्तिध्वज के साथ गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद गांधी चौक से मां बनखंडी के दरबार तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शक्तिध्वज को अखाड़ा स्थल पर लाया जाएगा और इसके पश्चात दंगल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ होगा।गौरतलब है कि देशभक्त सरदार अजीत सिंह यादगार सभा पिछले 38 वर्षों से पंचपुला में दंगल मेले का सफल आयोजन करवा रही है। बैठक में सभा के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चौहान, उपाध्यक्ष रंजीत चौहान, महासचिव वीरेंद्र ठाकुर, उपसचिव समीर शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा, उपकोषाध्यक्ष राम सिंह चौहान, संयोजक राकेश कपूर और भान सिंह चौहान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!