नेपाल में चुराह की बेटी नीतू ने 100 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक, चुराह के प्रवेश द्वार कोटी में जोरदार स्वागत

चंबा, 13 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत चरोड़ी के गांव सुखरेठी की होनहार बेटी नीतू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल के पोखरा में आयोजित यूथ गेम्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप में 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। नीतू की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे चुराह क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां नीतू ने अपनी तेज रफ्तार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। नीतू की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोगों ने हिमाचल की बेटियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रतीक बताया है।नेपाल से स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर कोटी में नीतू का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के दौरान लोगों ने नीतू की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि नीतू की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नीतू इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।चुराह की बेटी नीतू की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।