चांजू-3 विद्युत परियोजना में बाढ़ से बचाव का अभ्यास, कामगारों को सिखाए आपदा से निपटने के तरीके

चांजू-3 विद्युत परियोजना में बाढ़ से बचाव का अभ्यास, कामगारों को सिखाए आपदा से निपटने के तरीके

तीसा/ चुराह 26 अगस्त दिलीप सिंह ठाकुर

उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चांजू में निर्माणाधीन चांजू-3 (48 मेगावाट) विद्युत परियोजना के पैकेज-2 में बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा बचाव अभ्यास आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPPCL) तथा अशोक चौहान एंड कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य परियोजना स्थल पर कार्यरत कामगारों और कर्मचारियों को अचानक बाढ़ आने की स्थिति में सुरक्षित बचाव और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित करना रहा।अभ्यास के दौरान कर्मचारियों को आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान की पहचान करने, संवेदनशील क्षेत्रों से समय रहते बाहर निकलने और अन्य कामगारों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके बताए गए।

इसके अलावा आपदा के दौरान उपलब्ध आपातकालीन संसाधनों का सही तरीके से उपयोग करने तथा घबराहट के बजाय सूझबूझ और तत्परता से कार्य करने की जानकारी भी दी गई।अभ्यास का नेतृत्व HPPCL के सुरक्षा प्रभारी प्रेम चंद तथा अशोक चौहान एंड कंपनी के रवि कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर सही निर्णय लेकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि चांजू जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात के मौसम के दौरान अचानक बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में परियोजना स्थल पर तैनात कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन और बचाव तकनीकों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाले इस तरह के मॉक ड्रिल कर्मचारियों में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।अभ्यास के दौरान कर्मचारियों ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इस अवसर पर विनोद राणा, चमन ठाकुर, अजय कुमार, धुमल ठाकुर, सोभिया ठाकुर, सतपाल शर्मा और विनय कुमार सहित परियोजना से जुड़े कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!