पब्बर नदी में डूबे दोनों छात्रों के शव बरामद, एसडीएम ने परिजनों को दी फौरी राहत

शिमला/रोहड़ू, 26 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में नहाने के दौरान डूबे दो 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्थानीय लोगों, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी पब्बर नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा प्रशासनिक टीमों के साथ मिलकर नदी में दोनों छात्रों की तलाश शुरू की।एसडीएम के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान कोटडु (करासा) निवासी मंगत राम डोगरा ने प्रयास करते हुए पहले छात्र का शव पब्बर नदी से बाहर निकाला। इसके बाद दूसरे छात्र के शव को एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से नदी से बाहर निकाला गया। दोनों शवों को बरामद करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।

एसडीएम धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि प्रशासन की ओर से दोनों मृतक छात्रों के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता एवं सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।