राजकीय महाविद्यालय चंबा में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित

चंबा 27 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय चंबा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, खेल गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाना तथा खेलों को संभावित करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एनएसएस जिला चंबा के नोडल अधिकारी प्रोफेसर अविनाश ने बताया कि पहल के तहत देश के प्रत्येक जिले से दो उच्च शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया था। इसी कड़ी में राजकीय महाविद्यालय चंबा को भी वर्चुअल कार्यक्रम के आयोजन के लिए चुना गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, खिलाड़ियों और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवियों से डिजिटल माध्यम से संवाद किया। उन्होंने युवाओं के शारीरिक, मानसिक और समग्र विकास में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, टीम भावना, समर्पण और दृढ़ता को खेलों में सफलता की प्रमुख कुंजी बताया।महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा एनएसएस स्वयंसेवी, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवी, विद्यार्थी और उत्कृष्ट खिलाड़ी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर चंबा के एथलेटिक्स और कबड्डी से जुड़े खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में नीतू की उपलब्धियों को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

उन्होंने दो बार राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है तथा इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। नव्या भारद्वाज और आदित्य राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं, जबकि मोहम्मद रफी कबड्डी कोच हैं।प्रोफेसर अविनाश ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना और देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए एनएसएस स्वयंसेवियों, मेरा युवा भारत स्वयंसेवियों, खिलाड़ियों और महाविद्यालय प्रशासन का आभार जताया।
