गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी में अनोखे अंदाज में मनाया गुड़िया विवाह समारोह

गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी में अनोखे अंदाज में मनाया गुड़िया विवाह समारोह

डलहौजी/चम्बा 03 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी में बच्चों के लिए दो दिवसीय अनोखे एवं मनोरंजक गुड़िया विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को भारतीय विवाह की परंपराओं, रस्मों, सांस्कृतिक मूल्यों और पारिवारिक संबंधों से सहज एवं रोचक तरीके से परिचित करवाना रहा। समारोह के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न रस्मों में भाग लिया और मनोरंजन के साथ महत्वपूर्ण सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों की जानकारी हासिल की।समारोह के पहले दिन मेहंदी एवं लेडीज संगीत का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंग-बिरंगी मेहंदी की रस्म में उत्साह के साथ भाग लिया और दूल्हा-दुल्हन की गुड़िया को मेहंदी लगाई। इसके बाद बच्चों ने संगीत की धुनों पर नृत्य कर समारोह का आनंद उठाया। शिक्षकों ने बच्चों को विवाह समारोह में आपसी खुशी, मेल-जोल और पारिवारिक एकजुटता के महत्व से भी अवगत करवाया।

दूसरे दिन हल्दी एवं बारात की रस्में आयोजित की गईं। हल्दी की रस्म से पहले शिक्षकों ने बच्चों को इसके पारंपरिक महत्व के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। इसके बाद दूल्हे की बारात धूमधाम से निकाली गई। विवाह समारोह में जयमाला और सात फेरों की रस्में भी करवाई गईं। बच्चों ने सभी रस्मों को बेहद उत्सुकता और खुशी के साथ देखा तथा प्रेम, सम्मान, जिम्मेदारी, आपसी सहयोग और पारिवारिक रिश्तों जैसे मूल्यों को समझा।विवाह समारोह के बाद बच्चों के लिए विशेष चंबियाली धाम का आयोजन किया गया। चंबा की पारंपरिक धाम का स्वाद लेकर बच्चों ने इस सांस्कृतिक आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।विद्यालय में आयोजित यह दो दिवसीय गुड़िया विवाह समारोह बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को समझने का अनूठा अवसर साबित हुआ।

बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और घर जाकर अपने माता-पिता के साथ समारोह के अनुभव साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!