12 सितंबर को चंबा, डलहौजी और तीसा में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, 7,933 मामले चिन्हित

12 सितंबर को चंबा, डलहौजी और तीसा में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, 7,933 मामले चिन्हित

चम्बा 07 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा की ओर से हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 12 सितंबर, 2026 (शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर चंबा, डलहौजी तथा तीसा में किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पक्षकारों को आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर अपने विवादों का सरल, शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान उपलब्ध करवाना है।आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जिला स्तर पर कुल 7,933 मामलों को पहले ही चिन्हित किया जा चुका है। इन मामलों का निपटारा पक्षकारों की आपसी सहमति के आधार पर करवाने का प्रयास किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने मामलों का शीघ्र समाधान करवाएं।

राष्ट्रीय लोक अदालत की विशेषता यह है कि केवल न्यायालयों में लंबित मामले ही नहीं, बल्कि ऐसे विवाद भी इसमें निपटाए जा सकते हैं जो अभी न्यायालय में लंबित नहीं हैं। ऐसे व्यक्ति जो अपने विवाद का आपसी सहमति से समाधान चाहते हैं, वे पात्र मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में संदर्भित करवाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा अथवा संबंधित विधिक सेवा समिति से संपर्क कर सकते हैं।लोक अदालत में मामलों का निपटारा पक्षकारों की सहमति एवं समझौते के आधार पर किया जाता है। विधि के अनुसार लोक अदालत द्वारा पारित अवार्ड अंतिम होता है और संबंधित पक्षकारों पर बाध्यकारी रहता है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों के निपटारे के लिए भाग लें और लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचते हुए आपसी सहमति से विवादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!