सीएसआर फंड से विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने हेतू उपयुक्त चंबा ने दिए निर्देश

चंबा, 07 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए निर्धारित सीएसआर गतिविधियों के तहत पात्र विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को लेकर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी कक्ष में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों को सीएसआर फंडिंग के लिए संबंधित सार्वजनिक उपक्रमों को भेजा जाएगा।
उन्होंने एसडीएम तीसा और पांगी को दोनों आकांक्षी ब्लॉकों में अतिरिक्त विकास कार्यों की संभावनाएं तलाशने तथा अधिक से अधिक कार्य सीएसआर के तहत स्वीकृत करवाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने पूर्व से चल रहे सीएसआर कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खेल, पोषण, जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। प्रस्तावों में आंगनवाड़ी भवन, शौचालय, पेयजल सुविधाएं, स्मार्ट टीवी, चारदीवारी, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर, खेल उपकरण व मैदान, आधुनिक कार्यशालाएं, प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं शामिल करने पर चर्चा हुई।
बैठक में एसडीएम तीसा राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य उपमंडलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।
