खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का आधार:- पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह

खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का आधार:- पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह

शिमला 09 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए प्रतियोगिता में हारने वाले विद्यार्थी निराश न हों और अधिक मेहनत कर आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करें। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुग्गर में छात्राओं की चार दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणवत्ता लाने के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे स्वस्थ वातावरण में अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकें।उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

फागू-धरेच संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। चियोग, धरेच, सतोग और सतलाई पंचायतों की कई सड़कों को पीएमजीएसवाई के तहत शामिल किया गया है। उन्होंने जुग्गर-कटैया मझार सड़क का शीघ्र निर्माण करवाने का आश्वासन दिया। जुग्गर स्कूल में छह अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, सतोग पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।खंड स्तरीय प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 225 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, चेस, योग और भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।

प्रतियोगिता में चयनित 40 छात्राएं 25 से 27 सितंबर तक रामपुर में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।मार्च पास्ट और ऑल ओवर खेल प्रतियोगिता का खिताब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुग्गर ने अपने नाम किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!