चाइल्ड हेल्पलाइन ने अथेड़ और करवाल स्कूलों में बच्चों को बाल अधिकारों व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

सलूणी/ चम्बा 09 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से बुधवार को सलूणी उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अथेड़ और राजकीय उच्च विद्यालय करवाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्यापकों और गैर-शिक्षण स्टाफ को बाल अधिकारों, करियर गाइडेंस, सोशल मीडिया के फायदे-नुकसान तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता अथेड़ स्कूल के प्रधानाचार्य रविंदर कुमार राणा और करवाल स्कूल के कार्यकारी मुख्याध्यापक काकू राम ने की। चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने बच्चों को 1098 हेल्पलाइन के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को मिलने वाली सहायता और सुरक्षा सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।इस दौरान बच्चों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशा, बाल तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, बाल दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और शारीरिक दंड जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया।

साथ ही अनाथ, अर्ध-अनाथ और दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को परामर्श के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने संबंधी जानकारी भी दी गई।बच्चों को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने और अनजान लोगों से संपर्क न बढ़ाने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि छेड़छाड़, पीछा करने, आपत्तिजनक टिप्पणी, गलत तरीके से छूने, अश्लील सामग्री भेजने या ऑनलाइन ब्लैकमेल जैसी स्थिति में तत्काल 1098 पर सूचना दें।कार्यक्रम में चरित्र निर्माण, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और करियर चयन को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया। दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं मुख्याध्यापक ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में 17 अध्यापक-अध्यापिकाओं, चार गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित कुल 486 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
