सुरंगानी के हथनी मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 40 मीटर नीचे ढांक में मिला व्यक्ति का शव

सलूणी/चंबा 10 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपमंडल सलूणी के अंतर्गत सुरंगानी बाजार के समीप हथनी मोड़ के पास वीरवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया। सड़क से करीब 40 मीटर नीचे ढांक में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कर्म चंद (52) पुत्र होशियारू राम, निवासी गांव कुमाथा, डाकघर डुगली, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार वीरवार शाम करीब पांच बजे स्थानीय लोगों की नजर सड़क से नीचे ढांक में पड़े व्यक्ति के शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस चौकी सुरंगानी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरंगानी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को ढांक से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला सड़क किनारे लगे पैरापिट से फिसलकर ढांक में गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों को स्पष्ट करने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।