पथ परिवहन पेंशनर्स ने सरकार के खिलाफ जताया रोष, 3% महंगाई राहत और वित्तीय लाभ जल्द देने की मांग

चंबा 11 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की मासिक बैठक सचिव ओम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स ने हिमाचल सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति भारी रोष व्यक्त करते हुए लंबित वित्तीय एवं पेंशन संबंधी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो पेंशनर्स बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रबंधन की होगी।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से कई बार वार्ता कर पेंशनर्स की समस्याओं से अवगत करवाया गया है। इसके बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

संगठन ने कहा कि निगम के नियमित कर्मचारियों के वेतन में सरकार द्वारा करीब सात माह पूर्व तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन पथ परिवहन पेंशनर्स को अभी तक तीन प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ नहीं मिल पाया है।संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2016 से संशोधित वेतनमान का लाभ विभिन्न विभागों के पेंशनर्स को एरियर के रूप में दिया जा रहा है, लेकिन पथ परिवहन पेंशनर्स को इस लाभ से वंचित रखा गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेंशनर्स को संशोधित वेतनमान का एरियर जल्द जारी किया जाए।उन्होंने कहा कि करीब छह माह पहले निगम से सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारियों को अभी तक वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परिवार का पालन-पोषण करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने सरकार से ऐसे कर्मचारियों को शीघ्र वित्तीय लाभ जारी करने और उनकी पेंशन लगाने की मांग की।बैठक में कहा गया कि उम्र के इस पड़ाव में पेंशनर्स को अपने जायज हकों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, जबकि सरकार व्यवस्था परिवर्तन का दावा कर रही है।

संगठन ने सभी लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया।इस अवसर पर संगठन से जुड़ने वाले नए सदस्यों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में राजकुमार, इंदर सिंह, सुरेश कुमार, सुरेश कुमार शर्मा, ओम प्रकाश, देवराज, देव राज, महेश नाथ, साहब चंद, मान सिंह, चैनलाल, चंद्रप्रकाश, उत्तम सिंह, कुलदीप कुमार, मनोहर लाल, रीता देवी, रीता कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।