नगाली स्कूल में योग मानव विकास ट्रस्ट ने विद्यार्थियों को मोबाइल उपयोग और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

नगाली स्कूल में योग मानव विकास ट्रस्ट ने विद्यार्थियों को मोबाइल उपयोग और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

डलहौजी/चम्बा 11 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

योग मानव विकास ट्रस्ट, बनीखेत की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगाली में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग, इसके दुष्प्रभावों तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में योग मानव विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी कुलदीप सिंह तथा कार्यक्रम समन्वयक रणवीर सिंह ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल तकनीक शिक्षा और ज्ञान हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन इसका अत्यधिक और असावधानीपूर्वक उपयोग विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और निर्धारित समय सीमा में करने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली शारीरिक एवं मानसिक क्षति के बारे में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आंखों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न आंखों के व्यायाम करवाए गए। मोबाइल स्क्रीन के अधिक उपयोग से होने वाले आंखों के तनाव को कम करने के उपाय भी बताए गए। विद्यार्थियों ने इन अभ्यासों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जागरूकता सत्र में कक्षा छठी से बारहवीं तक के करीब 112 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप राठौर, शिक्षक फिरोज कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रधानाचार्य और विद्यालय स्टाफ ने योग मानव विकास ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीक के सही इस्तेमाल, नशे से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!