खराब मौसम के चलते मणिमहेश यात्रा अस्थायी रूप से रोकी, श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील

भरमौर/चंबा 17 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डल मणिमहेश एवं गौरीकुंड क्षेत्र में लगातार बिगड़ रहे मौसम और लगातार हो रही बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने श्री मणिमहेश यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम की स्थिति लगातार प्रतिकूल बनी हुई है, जिसके चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल आगे की यात्रा न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।डल मणिमहेश और गौरीकुंड क्षेत्र में लगातार बर्फबारी के कारण रास्तों पर फिसलन बढ़ने तथा आवागमन प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।

ऐसे में श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और प्रशासन एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा को दोबारा शुरू करने के संबंध में निर्णय मौसम की स्थिति और मार्गों की सुरक्षा का आकलन करने के बाद लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा पुनः शुरू होने की आधिकारिक सूचना मिलने तक आगे न बढ़ें और किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से एक-दूसरे की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आह्वान किया है। लोगों से कहा गया है कि वे स्वयं भी सावधान रहें तथा अपने साथ मौजूद अन्य श्रद्धालुओं को भी खराब मौसम और बर्फबारी के बीच सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करें।प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही श्री मणिमहेश यात्रा को पुनः शुरू करने के संबंध में आवश्यक सूचना जारी की जाएगी। तब तक सभी श्रद्धालु धैर्य बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
