कबड्डी में प्रियूँगल के अर्नव राणा का शानदार प्रदर्शन, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

सलूणी/ चम्बा ,17 सितंबर, चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
उपमंडल सलूणी के राजकीय उच्च पाठशाला प्रियूँगल के होनहार छात्र अर्नव राणा ने कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अर्नव राणा पुत्र लेखराज, गांव प्रियूँगल के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।अर्नव ने अपनी खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और लगन के दम पर कबड्डी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनके शानदार खेल को देखते हुए उनका चयन आगामी राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अर्नव के राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर उनके परिवारजनों, विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। साथ ही सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रियूँगल क्षेत्र के बच्चों में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। क्षेत्र में सीमित खेल संसाधन और खेल मैदान जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव होने के बावजूद यहां के विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं। अर्नव राणा का राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन भी इसी उभरती खेल प्रतिभा का उदाहरण है।अर्नव अब राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वह राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देंगे और सलूणी सहित जिला चंबा का नाम गौरवान्वित करेंगे। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है।